अंबेडकरनगर। नेहरू युवा केंद्र ने अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 का कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजन किया। मुख्य अतिथि डीएम सैमुअल पॉल एन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान नागरिकों को फिटनेस के लिए जागरूक किया गया। इससे पहले डीएम ने बच्चों व नागरिकों को दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को अपनाने की सीख देते हुए फिटनेस की डोज आधा घंटा रोज का संकल्प दिलाया। साथ ही स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
डीएम ने कहा कि समाज व देश की प्रगति में तभी योगदान दिया जा सकता है, जब शारीरिक व मानसिक फिटनेस को बनाकर रखा जाएगा। बच्चों को चाहिए कि वे अपनी दिनचर्या को बेहतर रखें। खेल, दौड़ व अन्य गतिविधियों में हिस्सेदारी से स्वास्थ्य बेहतर होता है। जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा ने बताया कि नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में 13 अगस्त से दो अक्तूबर तक प्रत्येक विकास खंड में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम अंतर्गत फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 का आयोजन चलेगा।
इस दौरान रैली आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इससे पहले डीएम ने फिटनेस जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से नागरिकों को फिटनेस के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सभी विकासखंड के 75 युवा मंडल एवं महिला मंडल सदस्यों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वंयसेवक गोमती, नितिन, सीमा, गौरव आदि मौजूद रहे।