अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज में सोमवार से दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन हुई दौड़ प्रतियोगिता में 50 मीटर दौड़ बालक वर्ग में लकी, तो बालिका वर्ग में संजू ने बाजी मारी। आयोजन समिति से जुड़े सुधीर चतुर्वेदी ने बताया कि 50 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय भड़सार के लकी ने मामपुर के शिवम को पराजित कर जीत दर्ज की।
बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय होरिलपुर की संजू ने बरियावन की शिक्षा को पीछे छोड़ा। 100 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में शिवबाबा के शिवा ने बाजी मारी, तो सतरही के गणेश को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। बालिका वर्ग में शिवबाबा की सोनम ने उकरा की शिवानी को पीछेे छोड़ा। 100 मीटर प्राथमिक बालक वर्ग में इमामपुर के शिवम ने कयामुद्दीनपुर के सुमित को पराजित किया।
बालिका वर्ग में ताराखुर्द की श्रद्धा मौर्या ने रचना को हराया। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओ में सभी को भागीदारी करनी चाहिए। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी आंचल सिंह, डीपी सिंह, सुनील गौड़, रखाराम, अरविंद, भरतराम, कौशल त्रिपाठी, मोहम्मद हसन, रवींद्र वर्मा, वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।