राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं के अंदर एक नई प्रतिभा का विकास होता है। इससे शिक्षा के क्षेत्र में लोगों को एक नया मुकाम हासिल करने का अवसर प्राप्त होता है।
यह विचार स्मैसी पब्लिक स्कूल अलीचक मॉडरमऊ के वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व विधायक त्रिभुवन दत्त ने व्यक्त किए। कहा कि शिक्षा एक अमूल्य धरोहर है, जिसको न ही कोई बांट सकता है और न ही कोई चुरा सकता है। शिक्षा के माध्यम से समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर कर एक नई चेतना पैदा की जा सकती है। इसके लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को इस क्षेत्र में आगे बढ़कर सहयोग करना चाहिए।
प्रबंधक गंगा प्रसाद यादव ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देना ही हमारी प्राथमिकता है। बच्चों के चहुमुखी विकास का पूरा प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र यादव ने किया। छात्रा शिवानी, आंसू, साहिल पांडेय, सृष्टि, श्रेया पांडेय, पल्लवी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस मौके पर प्रधानाचार्य रामकेवल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनवर सादात अंसारी, रवींद्र यादव, शिक्षक गौरीशंकर, बृजेश, सीमा, साधना, तहजीब फातिमा, तानिया, गरिमा व घनश्याम आदि मौजूद रहे।