जलालपुर (अंबेडकरनगर)। बाबा बरुआदास पीजी कॉलेज परुइय्या आश्रम में बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस समारोह का आयोजन हुआ। इसमें छात्राओं को उनके अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में बताया गया। बाद में बदलते परिवेश में परिवार की भूमिका एवं दायित्व विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं, बालिकाओं व छात्राओं को स्वावलंबी बनाने तथा उनमें आत्मविश्वास जगाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाबा बरुआदास पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति से जुड़ी प्रभारी शिवांगी सिंह के नेतृत्व में छात्राओं को सुरक्षा के तौर तरीके बताए गए। छात्राओं से कहा गया कि सभी लोग पूरी ईमानदारी से शिक्षा ग्रहण करें।
प्रभारी शिवांगी ने कहा, महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा के लिए पुलिस गंभीर है। यदि कोई भी बुरा व्यवहार करे अथवा धमकी दे तो डायल 112 अथवा महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत की जा सकती है। इसके बाद बदलते परिवेश में परिवार की भूमिका एवं दायित्व विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मोतीलाल वर्मा ने भी छात्राओं को प्रेरित किया। इस मौके पर उप प्राचार्य डॉ. पवन कुमार गुप्त, डॉ. पवन कुमार दूबे, डॉ. अमरनाथ, डॉ. सत्येंद्र कुमार यादव तथा बालिका हेल्थ क्लब की सदस्य अंशु सिंह व साबरीन बानो आदि मौजूद रहे।