जमुनीपुर क्षेत्र में शारदा सहायक नहर में बढ़ा जलस्तर। संवाद
आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर क्षेत्र के ग्राम शाहपुर औराव से रविवार शाम सरयू नदी में नहाने उतरा मजदूर लापता हो गया। एसडीआरएफ की टीम छानबीन में जुटी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
गांव निवासी राम अंजोर (55) रविवार शाम को घर से चहोड़ाघाट स्थित सरयू नदी में स्नान करने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले आसपास और रिश्तेदारियों में उनकी तलाश की पर पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान चौड़ाघाट के पास नदी किनारे राम अंजोर के कपड़े, चप्पल और लुंगी बरामद हुई, जिससे डूबने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों की सूचना पर एसडीएम और पुलिस प्रशासन ने पहले स्थानीय गोताखोरों से तलाश शुरू कराई, सफलता न मिलने पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि तलाश कराई जा रही है।
नदी में उतराता मिला शव
राजेसुल्तानपुर। क्षेत्र में सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के कम्हरिया घाट स्थित पुराने पुल के नीचे सरयू नदी में एक पुरुष का शव उतराते देखा।सूचना पर पुलिस ने नदी में से शव को निकलवाया और शिनाख्त की कोशिश की। शव पांच से छह दिन पुराना और उम्र करीब 42 वर्ष बताई रही है। थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि शव गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र की सीमा में था। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। गोरखपुर पुलिस से भी संपर्क किया गया है। (संवाद)