सोमवार को दोपहर में तेज धूप से बचने के लिए चेहरे पर दुपट्टा बांध कर निकलती युवतियां। संवाद
अंबेडकरनगर। अकबरपुर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में ज्येष्ठ माह की भीषण गर्मी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के चलते लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। पंखे और कूलर भी गर्मी में राहत नहीं दे पा रहे हैं।
बीते दिनों हुई बारिश के बाद कुछ राहत जरूर मिली थी, लेकिन पिछले दो दिनों से तेज धूप और उमस ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को सुबह से ही चटक धूप निकली, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 11 बजे ही तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दोपहर बाद अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो रविवार के मुकाबले तीन डिग्री अधिक रही। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
तेज गर्मी का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय शहर के प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और ग्राहक कम नजर आए। गर्मी के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।