आलापुर। स्थानीय तहसील में तैनात एक लेखपाल ने बुधवार को तहसीलदार के सामने ही भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करने वाले पीड़ित के साथ अभद्रता कर दी। आरोप के अनुसार पीड़ित को गालीगलौज करते हुए उसे धमकाने का भी प्रयास किया गया। वहां मौजूद भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा नेताओं ने एसडीएम से मिलकर तत्काल लेखपाल को निलंबित करने की मांग की। इसके बाद मामले को तूल पकड़ता देख एसडीएम ने तहसीलदार से जांच आख्या तलब कर ली। बताया जाता है कि लेखपाल का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह किसी मामले में शिकायतकर्ता व अधिवक्ताओं को अपशब्द कहते हुए सुना जा रहा है।
आलापुर तहसील में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब तहसीलदार बृजेश वर्मा के सामने ही भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करने वाले नसीरपुर निवासी पीड़ित रामसूरत को लेखपाल पवन कुमार धमकाने लगा। आरोप के अनुसार वह इतने पर ही नही रुका बल्कि शिकायतकर्ता के साथ गाली गलौज भी की। लेखपाल के आक्रामक रुख को देख शिकायतकर्ता तो सहम गया। परंतु वहां मौजूद भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवान पांडेय व युवा नेता वरुण सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई। लेखपाल के इस रवैए को लेकर तहसीलदार से शिकायत दर्ज कराने के साथ ही भाजपा नेताओं ने एसडीएम धीरेन्द्र श्रीवास्तव से मुलाकात की और उसे तत्काल निलंबित किए जाने की मांग की। कहा कि सभी नागरिक को अपनी शिकायत दर्ज कराने का पूरा अधिकार है। यदि कोई अधिकारी व कर्मचारी इस तरह से शिकायतकर्ताओं से व्यवहार करे तो यह उचित नहीं है।
भाजपा नेताओं के इस रुख को देखते हुए एसडीएम धीरेंद्र श्रीवास्तव ने तहसीलदार बृजेश वर्मा को निर्देशित किया कि पूरे मामले की जांच आख्या उपलब्ध कराई जाए। बताते चलें कि लेखपाल मनबढ़ किस्म का है। उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह किसी मामले के शिकायतकर्ता व अधिवक्ताओं को अपशब्द कह रहा है। अधिवक्ताओं ने भी दोषी लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।