टांडा (अंबेडकरनगर)। अलीगंज पुलिस ने अवैध असलहा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस टीम ने एक रिवॉल्वर समेत कुल 16 तमंचे व चार कारतूस बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के विरुद्घ आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
सीओ टांडा संतोष कुमार ने बताया कि एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर जांच कर रही है। बताया कि अलीगंज थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हुसैनपुर सुधाना की सीमा में सम्हरिया ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति अवैध असलहे के साथ मौजूद है। इसके बाद एसओ नागेंद्र सरोज, एसआई औसाफ अली ने टीम के साथ मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
इसके बाद बगल स्थित छप्पर से भारी मात्रा में अवैध तमंचे तथा उन्हें बनाने के उपकरण बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपी के पास से एक रिवॉल्वर समेत कुल 16 तमंचे व चार कारतूस बरामद करने का दावा किया। आरोपी की पहचान शाहिद उर्फ नेउरा निवासी सेमरी थाना जयसिंहपुर, जिला सुल्तानपुर हाल पता मोहल्ला तलवापार, थाना अलीगंज के रूप में हुई। पुलिस को आशंका है कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने के लिए भारी मात्रा में अवैध असलहा बनाए जा रहे थे। आरोपी के विरुद्घ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।