अंबेडकरनगर। सर्वर डाउन होने से सहकारी समितियों व प्राइवेट बिक्री केंद्रों की पीओएस मशीन 10 दिन से काम नहीं कर रही है। किसान यूरिया तथा डीएपी खरीदने आते हैं, लेकिन सर्वर न चलने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। किसान खाद के लिए गुहार लगाते हैं तो पलट कर जवाब आता है कि साहब ! कैसे दें खाद...अंगूठा लगाने वाली मशीन काम नहीं कर रही है।
जिले में सहकारी समितियों तथा प्राइवेट समेत 900 से अधिक उर्वरक बिक्री केंद्र हैं। किसानों को पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद उर्वरक मिलती है। करीब 10 दिनों से सर्वर डाउन होने से पीओएस मशीनें काम नहीं कर रही हैं। इससे किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है। गोदामों में उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद किसानों को घंटों लाइन में लगकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसानों का अब सब्र जवाब देने लगा है। लोगों का कहना है कि धान की रोपाई के समय क्या सर्वर अपडेट कराना जरूरी था। विभागीय अफसर भी समस्या का निदान कराने में सक्षम नहीं हैं, क्योंकि समस्या पूरे देश की है।
समिति पर ताला, भटक रहे किसान
बहु-उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति वीजेगांव में दोपहर 12 बजे ताला लटक रहा था। यहां मौजूद कई लोगों ने बताया कि गेहूं के सीजन में खाद की बिक्री हुई थी। खरीफ सीजन में इस समिति पर खाद नहीं बंटी है। बोर्ड पर लिखे सचिव कुलभूषण के पास फोन करने पर उन्होंने बताया कि इस सीजन में अभी तक खाद का वितरण नहीं हो सका है। उनका स्थानांतरण दूसरी समिति पर कर दिया गया है।
-
15 किसानाें को वितरण, फिर सर्वर ठप
बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति दौलतपुर हाजलपट्टी बसखारी पर मौजूद पिपरी बिशनपुर निवासी पिंटू वर्मा ने बताया कि खाद लेने के लिए सुबह आठ बजे समिति पर आ गए थे। चार घंटे बीत जाने के बाद दोपहर 12 बज रहे हैं, लेकिन सर्वर न चलने से खाद नहीं मिल पाई है। इसी गांव के प्रमोद कुमार भी पिछले कई दिनों से खाद लेने के लिए समिति का चक्कर काटने को मजबूर हैं। सुबह सर्वर चलने पर 15 किसानों को खाद का वितरण समिति पर हुआ है।
सुबह से लगी किसानों की भीड़
इफको ई बाजार रामनगर में खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ जमा थी। मसेना निवासी राकेश यादव ने बताया कि ई पॉस मशीन सुबह से नहीं चली है। वितरण करने वाले कर्मचारी सर्वर न होने की समस्या बता रहे हैं, कई दिनों से समिति पर यूरिया और डीएपी खाद लेने के लिए समिति पर आ रहे हैं, लेकिन सर्वर की दिक्कत के चलते लौटना पड़ रहा है।
जल्द समस्या दूर होने की उम्मीद
सर्वर की दिक्कत चल रही है। शुक्रवार से किसानों की सर्वर की दिक्कत दूर होने की उम्मीद है। बहु-उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति वीजेगांव के अभिलेख अभी अधूरे हैं। इसके चलते समिति का संचालन नहीं हो पा रहा है। जल्द ही इसका संचालन शुरू करा दिया जाएगा। - राघवेंद्र शुक्ला, एआर कोऑपरेटिव