अंबेडकरनगर। टांडा तहसील क्षेत्र के रामडीहसराय शुकुलबाजार के ग्रामीणों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि एक पार्क के लिए चिह्नित भूमि पर राजकीय आयुुर्वेदिक अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, जबकि इस पार्क पर विविध आयोजन होते हैं। भूमि की पैमाइश करने आने वाले कर्मचारियों को जब इससे मना किया जाता है, तो वे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। सभी ने डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
शनिवार को गांव के सौरभ, अजय, रवींद्र, रामकेवल, पिंटू कुमार, राकेश, प्रमोद, सुभाष, हरीराम, अखिलेश व दुर्जन कुमार ने कहा कि गांव स्थित पार्क की भूमि पर न सिर्फ वैवाहिक आयोजन, बल्कि गांव के अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। ऐसे में गांव के लोगों के लिए यह पार्क अत्यंत उपयोगी है।
बीते कुछ दिनों से राजस्वकर्मी पार्क की पैमाइश कर रहे हैं। जानकारी पर बताया गया कि यहां राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल बनेगा। जब विरोध कियातो कर्मचारियों ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। सभी ने चेतावनी दी कि अगर अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया पर रोक न लगी तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।