अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत करते ही जिले के लगभग 40 हजार किसानों के खाते में 8 करोड़ 60 लाख रुपये पहुंच गए। इस बीच जिला मुख्यालय समेत विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर समारोह का आयोजन कर लगभग दो हजार किसानों को योजना के लाभ संबंधी प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने किसानों से कहा कि देश में पहली बार किसानों को उनका हक देने के साथ ही इस तरह का सम्मान किया जा रहा। आगे किसानों के हित में और भी कई महत्वपूर्ण निर्णय होते रहेंगे।
बताते चलें कि दो हेक्टेयर भूमि वाले 1 लाख 24 हजार 808 किसानों का नाम डाटा फीडिंग के बाद हुई छानबीन में किसान सम्मान निधि के लिए फाइनल हुआ था। रविवार को गोरखपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना की शुरुआत की तो इन किसानों में से 39 हजार 541 किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये की प्रथम किस्त पहुंच गई। इससे किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस बीच जिला मुख्यालय स्थिति लोहिया भवन समारोह में प्रशासन ने मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें दूरदर्शन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण हुआ।
मुख्य अतिथि सांसद हरिओम पांडेय ने पांच किसानों को योजना का प्रमाण पत्र सौंपा। कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों से जो वायदा किया था, उसे पूरा किया जा रहा। देश में पहली बार किसानों को इस तरह का सम्मान व हक मिला है। विधायक टांडा संजू गुप्ता ने किसानों से आह्वान किया कि वे इस धनराशि का सदुपयोग कृषि कार्यों में करें। कार्यक्रम में डीएम सुरेश कुमार, एडीएम अमरनाथ राय, उपकृषि निदेशक रामदत्त बागला, भाजपा जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा आदि मौजूद रहे।
विद्युतनगर प्रतिनिधि के अनुसार टांडा तहसील के सभागार में विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू व सांसद प्रतिनिधि रामसूरत मौर्य ने किसानों को प्रमाणपत्र वितरित किया। कार्यक्रम में एसडीएम टांडा कोमल यादव व ब्लाकस्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक के डवाकरा हाल में रविवार को एसडीएम संतोष कुमार सिंह, भाजपा नेता डॉत् राजेश कुमार सिंह व सांसद प्रतिनिधि कृष्ण गोपाल कसौधन ने संयुक्त रूप से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का प्रमाणपत्र वितरित किया। भाजपा नेता डॉ. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि किसानों को उसका उचित हक मिल सके, इसके लिए भाजपा सरकार गंभीर है।
इस मौके पर सीडीपीओ बलराम सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार, डॉ अनिल तिवारी, एसडीओ पंचायत रामाकांत मिश्र, भाजपा नेता अमरनाथ सिंह, मानिकचंद सोनी, बेचन पांडेय व केशव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। जिले के अन्य ब्लॉकों व तहसील मुख्यालयों पर ऐसे आयोजन हुए। जिला सूचना अधिकारी जेपी सिंह के मुताबिक पूरे जिले में लगभग दो हजार किसानों को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया था। उधर उपकृषि निदेशक के अनुसार 39 हजार 541 किसानों के खाते में रकम पहुंच गई है।