अंबेडकरनगर। एनटीपीसी के सरगम प्रेक्षागृह में हिन्दी दिवस समारोह उल्लास से मना। हिंदी की महत्ता पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों के बीच सांस्कृतिक समारोह भी हुआ। इसमें राजस्थान का लोकनृत्य खासतौर पर आकर्षण का केन्द्र रहा।
1 से 14 सितंबर तक चले हिन्दी दिवस पखवारे के बाद एनटीपीसी आवासीय कालोनी परिसर में रविवार शाम भव्य समारोह हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक केएस राव ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। कहा कि संविधान निर्माताओं ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए प्रत्येक दृष्टि से हिंदी भाषा को सर्वमान्य भाषा के रूप में उपयुक्त पाया।
आजादी के बाद संविधान सम्मत भाषा हिन्दी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर निरंतर विविध प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें सभी को अपनी-अपनी भूमिका का पूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करना होगा। बाद में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। विवेकानंद शिशु कुंज सीनियर सेकेंड्री स्कूल के बच्चों ने राजस्थान का प्रसिद्ध लोकनृत्य घूमर पेश कर मन मोह लिया।
डालिम्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मूक नाटिका अतुल्य भारत का मंचन किया। राजकीय विद्युत परिषद इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य प्रस्तुत किया। कई अन्य प्रस्तुतियां भी इस मौके पर हुईं। उप प्रबंधक जनसंपर्क राजीव त्रिपाठी ने बताया कि हिंदी पखवारे के दौरान सुलेख और निबंध प्रतियोगिता हुआ।
केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सदस्यों एवं कर्मचारियों के लिए निबंध व प्रारूप लेखन प्रतियोगिता तथा महिला वर्ग के लिए हिन्दी निबंध व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता हुई थी। इन सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ महाप्रबंधक बालाकृष्णन, कार्यालय सहायक सियाशरन मौजूद रहे।