अंबेडकरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान भक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की कवायद में स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला जुटा है। इसके तहत जिले की सभी नौ सीएचसी व 29 पीएचसी पर हेल्थ पोस्ट की स्थापना की जा रही है। इस दौरान एंबुलेंस सेवा भी पूरे समय अलर्ट मोड पर रहेगी। हेल्थ पोस्ट पर कांवड़ियों को बेहतर इलाज के साथ ही कोविड जांच की सुविधा भी मिलेगी। इस संबंध में रात्रि ड्यूटी में तैनात रहने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को ड्यूटी के दौरान किसी भी स्थिति में हेल्थ पोस्ट परिसर न छोड़ने को निर्देशित भी किया गया है।
आगामी 14 जुलाई से होने वाले सावन माह की शुरुआत के साथ ही भक्तों द्वारा भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चना का दौर शुरू हो जाएगा। इस दौरान पूरे माह श्रद्धालु शिवमंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर भगवान भोले का पूजन करेंगे। सावन के दौरान निकाली जाने वाली कांवड़ यात्रा में शामिल कांवड़ियों को परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तमाम इंतजाम किए जा रहे हैं।
भीषण गर्मी में नंगे पैर चलने वाले कांवड़ियों के स्वास्थ्य को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिले की सभी नौ सीएचसी व 29 पीएचसी पर हेल्थ पोस्ट की स्थापना कर इनका संचालन होगा। एसीएमओ डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि सभी हेल्थ पोस्ट पर एंबुलेंस सुविधा भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहेंगी ताकि किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में जरूरतमंदों को तत्काल सीएचसी व जिला अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।
डीजे के शोर पर रहेगी रोक
सीओ सदर अशोक सिंह ने बताया कि सभी डीजे संचालकों को निर्देशित कर दिया गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ध्वनि को न्यायालय के निर्देशानुसार तय मानक के दायरे में ही रखा जाए। तय मानक से अधिक ध्वनि बजते मिलने पर संबंधित डीजे संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा आस्था व धार्मिक संगीत का हिस्सा है। ऐसे में डीजे पर सिर्फ धार्मिक गीत को ही बजाने की अनुमति होगी।
खुले में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध
एसडीएम सदर पवन कुमार जायसवाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर खुले में मांस की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। यह यात्रा आस्था से जुड़ी हुई है। ऐसे में इसका सम्मान करते हुए खुले में मांस की बिक्री पर कड़ाई के साथ प्रतिबंध होगा। इस संबंध में सभी मांस विक्रेताओं को चेताया गया है यदि कांवड़ यात्रा मार्ग पर खुले में मांस की बिक्री होती मिली तो आरोपी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।