अंबेडकरनगर। कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रॉन को लेकर शासन के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। नवंबर से अब तक जिले में पहुंचे 189 यात्रियों की विशेष मॉनीटरिंग स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से कराई जा रही है। इसके साथ ही संबंधित यात्रियों से होम क्वारंटीन रहने के साथ ही खुद की मॉनीटरिंग भी करने को कहा गया है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि कोरोना के नए वैरियंट को देखते हुए सभी जरूरी एहतियात बरतें। घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं।
13 नवंबर को कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रॉन से पीड़ित मरीज दक्षिण अफ्रीका में सामने आया था। इसके बाद से ही देश में इसे लेकर सावधानी बरतनी शुरू कर दी गई। शासन के दिशा निर्देश पर जिले का स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। डॉ. सुल्तान ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले में सभी जरूरी एहतियात बरतने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नवंबर से अब तक जिले में 189 विदेशी नागरिक जिले में पहुंचे हैं। इन नागरिकों की मॉनीटरिंग ब्लॉक स्तरीय टीम की ओर से शुरू कर दी गई है। इसके अलावा संबंधित नागरिकों भी निर्देशित किया गया है कि न सिर्फ वे होम क्वारंटीन हों, बल्कि खुद ही मॉनीटरिंग करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
उधर, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर कोरोना के नए वैरिएंट को देखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना के नए स्वरूप को देखते हुए सभी जरूरी एहतियात बरतें। घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। अत्यंत जरूरी कार्य पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें। जिस प्रकार से कोरोना संकट के दौरान एहतियात बरता था, उसी प्रकार से आगे भी बरतें। एहतियात के आधार पर ही कोरोना से पूरी तरह से जंग जीती जा सकती है।