आलापुर। पूर्वांचल के प्रसिद्ध गोविंद साहब मेले में आज श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा होगा। गुरुवार आधी रात से शुुरु होने वाले गोविंद दशमी पर्व स्नान को देखते हुए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला दोपहर बाद से ही शुरू हो गया था। शुक्रवार को पूरे दिन गोविंद दशमी के मद्देनजर श्रद्धालु पवित्र गोविन्द सरोवर में डुबकी लगाएंगे, और गोविन्द मठ पर पूजन अर्चन करेंगे। साथ ही खिचड़ी भी चढ़ाएंगे। श्रद्धालुुओं की भारी भीड़ उमड़ने के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए हैं। इस बीच मेला क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की दुकानें ग्राहकों को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
गौरतलब है कि गोविन्द साहब पवित्र धाम में लगने वाले मेले की शुरुआत गोविंद दशमी स्नान के साथ होती है। गोविंद साहब का यह मेला पूर्वांचल के कई जिलों में प्रसिद्ध है। गोविंद दशमी स्नान पर कई जनपदों के श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार गोविंद दशमी पर्व 6 दिसंबर शुक्रवार को है। ऐसे में गुरुवार मध्य रात्रि से स्नान पूजन का दौर शुरु हो गया। दशमी स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुवार दिन में ही पहुंचना शुरु हो गए थे। शुक्रवार को पूरे दिन श्रद्धालु गोविन्द सरोवर में स्नान कर गोविन्द मठ पर पूजन अर्चन करेंगे।
मान्यता है कि बाबा के इस पवित्र मठ पर गोविंद सरोवर में स्नान के बाद खिचड़ी चढ़ाने पर घर परिवार में सुख शांति आती है। इसी परंपरा के निर्वहन के लिए शुक्रवार को एक बार फिर गोविंद साहब धाम आस्था का बड़ा गवाह बनेगा। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने को लेकर मेला व पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मेला परिसर में स्थापित कोतवाली व सभी चौकी प्रभारियों को सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश पहले ही दिया जा चुका है।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कई तरह की दुकानें पहले से ही लग चुकी हैं। गोविंद साहब मेले में खजला की बिक्री बड़े पैमाने पर होती हैं। पश्चिम बंगाल सहित बिहार व झारखंड राज्य से भी कई दुकानें मेले में पहुंच चुकी हैं। युवाओं के लिए मौत का कुआं, झूला व कई अन्य तरह के मनोरंजन की दुकान पहुंच चुकी हैं। श्रृंगार के सामानों के अलावा घरेलू सामानों की बिक्री के लिए दुकानें बड़े पैमाने पर मेला क्षेत्र में लगी हैं।
यही नहीं मेले में बिक्री के लिए बड़े पैमाने पर गाय, भैंस व घोड़े के अलावा कई अन्य तरह के पालतू जानवर आ गए हैं। बिक्री के लिए गन्ने की बड़ी खेप मेले में पहुंच गई है। एसडीएम भरतलाल सरोज व सीओ जगदीशलाल ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं का आगमन प्रत्येक वर्ष बड़े पैमाने पर होता है। इसे देखते हुए सभी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत नही होने दी जाएगी।