अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से जुड़े यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यहां नया प्लेटफाॅर्म नंबर एक बनकर तैयार हो गया है। माह के अंत तक इसे यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। जल्द ही एक्सप्रेस ट्रेनें प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर पहुंचने लगेंगी।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करने के लिए लगभग एक वर्ष पहले प्लेटफाॅर्म नंबर एक से ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। पूर्वी छोर पर आधे से अधिक स्टेशन के हिस्से को हटा दिया गया। सितंबर 2022 से यहां प्लेटफार्म एक पर कोई ट्रेन नहीं आई। क्योंकि यहां नए अत्याधुनिक प्लेटफार्म नंबर एक का निर्माण मौजूदा प्लेटफाॅर्म के पीछे शुरू कराया गया।
इस प्रकिया से पिछले एक वर्ष से अधिक समय से यात्रियों को प्लेटफाॅर्म दो व तीन पर पहुंचकर ट्रेन पर सवार होने की मजबूरी बनी हुई है। इसमें सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों व बीमार यात्रियों को हो रही है। भूमिगत रास्ता न होने की वजह से सीढ़ियों पर चढ़कर ही प्लेटफाॅर्म नंबर दो व तीन पर लोगों को पहुंचना पड़ता है। ट्रेनों से उतरने के बाद भी यही कसरत करनी पड़ती है।
इस बीच लंबे इंतजार के बाद अब नया प्लेटफाॅर्म बनकर तैयार हो गया है। नए प्लेटफाॅर्म पर यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं। नया फुट ओवरब्रिज भी बनकर तैयार हो गया है। अब सिर्फ पुराने प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर बने भवन को गिराकर वहां नई पटरी बिछाई जानी है। यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। पुराना भवन तोड़े जाने के बाद दो नई रेल पटरी स्थापित होगी। अयोध्या में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद यहां यात्रियों की सुविधा को देखते हुए तेजी से यह काम पूरा करने की तैयारी है।
जल्द होगा प्लेटफाॅर्म एक का संचालन
प्लेटफाॅर्म एक का संचालन जल्द शुरू करने की तैयारी चल रही है। तेज गति से आने वाले दिन में काम होंगे। कोशिश यह है कि माह के अंत तक नए प्लेटफार्म से ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया जाए। - विनोद कुमार, स्टेशन अधीक्षक