अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थानाक्षेत्र के जहांगीरगंज गांव निवासी फल विक्रेता रऊफ को बकाया मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उन्होंने आजमगढ़ के दो सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
फल विक्रेता ने बताया कि बाजार में नेशनल फ्रूट कंपनी के नाम से उनकी दुकान है। आरोप है कि आजमगढ़ जिले के विलरियागंज थाने के राहुलनगर निवासी सगे भाई संदीप कुमार और प्रदीप कुमार ने विभिन्न तिथियों में 34,30,200 रुपये के फल क्रय किए। इसके सापेक्ष 18,88,322 रुपये का भुगतान किया। शेष बचे 15,41,878 रुपये का भुगतान नहीं कर रहे हैं। पैसा मांगने पर आनाकानी करते हैं। चार फरवरी को दोनों दोबारा उनकी दुकान पर आए और बोले की वह दोबारा उसके साथ व्यापार करना चाहते हैं। जो फल ले जाएंगे, उसका नकद भुगतान करेंगे। जो पैसा बकाया है, उसे हर माह 10 हजार रुपये की किश्तों में भुगतान करते रहेंगे। इसके बाद 2,13,500 रुपये के फल क्रय कर 50 हजार रुपये ही दिए और बाकी ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहकर चले गए। बकाया रुपया मांगने पर इन्कार करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। थानाध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।