अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर के एक नर्सिंग कॉलेज के संचालक पर प्रवेश दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। सीओ सिटी अकबरपुर के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के जगन्नाथपुर भारीडीह निवासी सरिता वर्मा के मुताबिक बरियावन स्थित एवी इडकाम सतरही में जीएनएम करने के लिए दाखिला लिया था। प्रवेश के बाद कई किस्तों में तीन से चार लाख रुपये के साथ ही शैक्षिक अभिलेखों की मूलकॉपी भी आजमगढ़ के मोहन बिलरियागंज निवासी प्रबंधक अरुण गोस्वामी को ने जमा कराया लिया।
इसके बाद अपने संस्थान में प्रवेश न देकर उनका प्रवेश बंगलूरू में कराया और परीक्षा भी दिलाई गई, लेकिन आज तक न तो अंकपत्र उपलब्ध कराया गया और न ही जमा की गई धनराशि वापस की गई। आरोप है कि संस्थान संचालक ने बिना मान्यता के अपने विद्यालय में छात्राओं का प्रवेश लेकर उनके साथ धोखाधड़ी कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
दबाव डालने पर आरोपी संस्थान बंद कर फरार है। सुनवाई न होने पर सरिता ने अकबरपुर कोतवाली में शिकायत की। सीओ नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश इब्राहिमपुर थानाध्यक्ष को दिया है। धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।