अकबरपुर के सेठ द ढाबा पर मारपीट की वायरल फुटेज। स्रोत : सोशल मीडिया
अंबेडकरनगर। ढाबे पर खाना खाने गए चार सिपाहियों ने नशे की हालत में जमकर बवाल काटा। ढाबा संचालक और कर्मियों की पिटाई की। शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक ने आरोपी चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
अकबरपुर के टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग के विजयगांव हाईवे पर संचालित सेठ-द-ढाबा के संचालक आलोक रंजन के मुताबिक बृहस्पतिवार रात 10:30 बजे पुलिस लाइन से चार सिपाही बाइक से ढाबे पर पहुंचे। पांच नंबर टेबल पर जाकर बैठ गए। नशे में धुत सिपाही ढाबे में ही सिगरेट पीने के साथ ही वहां मौजूद कर्मियों से अभ्रदता करने लगे। यह देख ढाबा में खाना खाने आए ग्राहक उठकर जाने लगे। कर्मचारियों ने इसकी सूचना संचालक को दी तो उन्होंने वहां पहुंचकर सिपाहियों को समझाने की कोशिश की।
इस पर सिपाही मंजीत, संदीप रावल, मोहित गुर्जर और संदीप सिरोही आक्रोशित हो उठे और उनका काॅलर पकड़कर ढाबे से बाहर ले जाने लगे। आरोप है कि संदीप रावल ने उनकी कमर पकड़ी और मंजीत ने थप्पड़ मारे। एसपी से शिकायत करने की बात करने के बाद भी अभद्रता की। सिपाहियों ने ढाबा बंद करा देने की भी धमकी दी। इसके बाद डायल 112 पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। शुक्रवार को पूरे मामले की लिखित शिकायत एसपी केशव कुमार से सीसीटीवी फुटेज के साथ की गई। एसपी केशव कुमार ने बताया कि आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।