अंबेडकरनगर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मई माह में चार लाख से अधिक राशन कार्डधारकों को मई माह में दाल की बजाए प्रति कार्ड चना दिया जाएगा। इसके लिए जिले को चना आवंटित कर दिया गया है। सभी कोटेदारों को निर्देशित किया गया है कि 15 मई तक प्रतिमाह वितरित होने वाले राशन के बाद चने का भी वितरण कर दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
गौरतलब है कि राशन कार्डधारकों को प्रतिमाह मिलने वाले अनाज के अलावा लॉकडाउन को देखते हुए शासन ने अप्रैल, मई व जून माह में प्रति यूनिट पांच किलोग्राम निशुल्क चावल देने का निर्देश दिया था। अप्रैल माह में ही प्रति राशन कार्ड निशुल्क एक-एक किलोग्राम दाल देने का भी निर्देश शासन ने दिया था। अप्रैल माह में राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किग्रा चावल निशुल्क तो मिल गया, लेकिन दाल की उपलब्धता न होने से उसका लाभ राशन कार्डधारकों को नहीं मिल सका था। इस पर राशन कार्डधारकों ने नाराजगी भी व्यक्त की थी।
इस बीच दाल की उपलब्धता न होने के बीच अब शासन ने मई माह में दाल की बजाय प्रति राशनकार्ड एक किग्रा चना देने का निर्णय लिया है। जिला आपूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने बताया कि मई में प्रति राशनकार्ड एक किग्रा चना दिया जाएगा। बताया कि जिले में लगभग चार लाख राशन कार्डधारक हैं। ऐसे में जिले को शीघ्र ही 4015 क्विंटल चना उपलब्ध हो जाएगा। बताया कि सभी कोटेदारों को निर्देशित किया गया है कि प्रतिमाह देने वाले राशन का वितरण 15 मई तक पूरा करने के बाद चने का वितरण भी शुरू कर दिया जाए।