अंबेडकरनगर। भारत माता की जय व वंदेमातरम के उद्घोष के बीच शनिवार को अकबरपुर नगर के मीरानपुर मोहल्ले में कोरोना योद्धाओं का अभिनंदन किया गया। फूलों की माला पहनाकर जहां उनका स्वागत किया गया, वहीं नागरिकों ने अपने घरों के दरवाजे पर खड़े होकर उन पर फूलों की वर्षा की। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा गया।
सामाजिक कार्यकर्ता रामजी मौर्य के नेतृत्व में शनिवार को मीरानपुर में कोरोना योद्धाओं का स्वागत व अभिनंदन किया गया। कोराना योद्धा डॉ. सुभाष के अलावा पुलिसकर्मी व सफाईकर्मी ने सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए दूरी बनाकर मोहल्ले की गलियों में पद मार्च किया। नागरिकों से अपील करते हुए कहा गया कि कोरोना संक्रमण बढ़ने से रोकने के लिए न सिर्फ लॉकडाउन का पालन करें, बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करें।
कोरोना योद्धाओं का काफिला मोहल्ला स्थित एक विद्यालय पहुंचा, जहां विद्यालय प्रबंधक कल्बे हसन ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। कहा कि संकट की इस घड़ी में हम सभी आपके साथ हैं। पद मार्च के दौरान उत्साहित युवक भारत माता की जय व वंदेमातरम का उद्घोष कर रहे थे। पद मार्च के दौरान न सिर्फ योद्धाओं का जगह-जगह फूल मालाओं से स्वागत हुआ, बल्कि घरों के दरवाजे पर खड़े नागरिकों ने उन पर फूलों की वर्षा की। इस दौरान रजा, सोनू, कल्बे हसन, पवन मौर्य, कृष्णा सोनकर, संजय राजभर, चंदन मौर्या, सूरज मौर्या, अंबुज, दानिश मौजूद रहे।