अंबेडकरनगर। जिले के 4 लाख 7 हजार कार्डधारकों को चार माह तक मुफ्त राशन अनाज मिलेगा। मुफ्त अनाज का वितरण इस माह दिसंबर से लेकर अगले माह मार्च तक होगा। इस दौरान एक बार फिर माह में दो बार मुफ्त राशन का लाभ मिलेगा।
कोरोना काल के दौरान आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए नि:शुल्क राशन वितरण की व्यवस्था की गयी थी। निर्धारित शुल्क पर प्रतिमाह वितरित होने वाले राशन के अलावा प्रत्येक माह अलग से सभी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलो के हिसाब से राशन अनाज मिलता था। स्थिति नियंत्रित में आने के बाद अक्तूबर व नवंबर माह में नियमित वितरित होने वाले राशन अनाज की कीमत कार्डधारकों को चुकानी पड़ी थी। बीते दिनों शासन ने एक बार फिर निर्देश जारी किया कि दिसंबर से मार्च तक कार्डधारकों को राशन के लिए किसी तरह का शुल्क नही देना होगा।
कोटेदार उन्हें सुचारु रूप से नि:शुल्क राशन मुहैया कराएंगे। इसका सीधा फायदा जिले के लगभग 4 लाख 7 हजार राशन कार्डों से जुड़े करीब 18.51 लाख यूनिटधारियों को मिलेगा। इसमें 65.96 हजार अंत्योदय राशनकार्ड धारक हैं, जबकि 3.41 लाख पात्र गृहस्थी से जुड़े कार्डधारी हैं। अकबरपुर के रवीन्द्र कुमार, रामआसरे व जगत ने सरकार के इस फैलसे की सराहना करते हुए कहा कि यह गरीबों के हित में सरकार का एक अच्छा कदम है। मुफ्त राशन अनाज के साथ ही इस बार राशन दुकानों से प्रति कार्डधारी को एक एक किलोग्राम तेल, नमक दाल व चना भी उपलब्ध कराया जाएगा।
माह में दो बार होगा अनाज वितरण
शासन के निर्देश के मुताबिक दिसंबर से मार्च तक माह में दो बार राशन का वितरण होगा। दोनों बार कार्डधारकों से किसी तरह का शुल्क नही लिया जाएगा। राशन के साथ महीने में एक बार राज्य सरकार की तरफ से नि:शुल्क एक-एक किलोग्राम तेल, नमक व दाल भी उपलब्ध कराया जाएगा। वितरण के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई होगी। -राकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी