विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में एक वृद्ध समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायल बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। थाना क्षेत्र जलालपुर अंतर्गत जलालपुर निवासी मोहम्मद इम्तियाज (74) पुत्र शेरअली रविवार सुबह घर के निकट सड़क पार करते समय पिकअप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें पहले सीएचसी जलालपुर फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, बस्ती जनपद के दुधलहिया गांव निवासी राजेंद्र (35) पुत्र किशोरीलाल रविवार सुबह बाइक से अंबेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बसखारी जाते समय बाजार के निकट तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उसे सीएचसी बसखारी ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कश्मीरिया मोहल्ला निवासी संजय (25) पुत्र नरेंद्र शनिवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय मोहल्ले के निकट पहुंचने पर बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
उसे पहले सीएचसी टांडा फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरूनगर निवासी धर्मवीर (40) पुत्र गिरिजाशंकर रविवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।