समर्थकों के साथ बसपा मे शामिल होते पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित वर्मा - संवाद
अंबेडकरनगर। कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र देने वाले पूर्व जिलाध्यक्ष अमित वर्मा ने मंगलवार को कटेहरी में बसपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भीटी से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुके संदीप जायसवाल भी बसपा के हमराह हो गए। खबर है कि बसपा से टिकट की चर्चा के बाद ही अमित ने कांग्रेस छोड़ दी थी।
कटेहरी के एक मैरिज हाॅल में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सदस्यता दिलाते हुए कहा कि कटेहरी विधानसभा की सीट बसपा की परंपरागत रही है। आने वाले उपचुनाव में पार्टी प्रमुख जिसे भी अपना टिकट देंगी, वह यहां से बड़े अंतर से विजयी होगा। अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री धर्मवीर सिंह अशोक ने कहा कि कटेहरी उपचुनाव से ही बसपा यहां फिर से अपनी ताकत का एहसास कराएगी।
पूर्व एमएलसी व मंडल प्रभारी डॉ. विजय प्रताप ने जिला एवं विधानसभा क्षेत्र कमेटी की समीक्षा करते हुए कुछ नए पदाधिकारियों को सर्वसम्मति से जिम्मेदारी सौंपी। इससे पहले बसपा में शामिल हुए अमित उर्फ जितेंद्र वर्मा ने कहा कि इस जिले के लिए बसपा ने जो किया है वह कोई अन्य पार्टी नहीं कर सकी है। सेक्टर प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने बताया कि वैभव पांडेय, राजितराम वर्मा, ध्रुव वर्मा, सतीश वर्मा, राजीव, संतोष जायसवाल, अकील अंसारी व रामदुलार आदि ने भी पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर वरिष्ठ नेता अरविंद गौतम, महेंद्र, रविप्रकाश मौर्य, दयाराम राजभर, रामसुभावन भारती व रामनयन निर्दोष आदि मौजूद रहे।