अंबेडकनगर के महामाया राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में यातायाता जागरूकता का संकल्प लेते शिक्षक व छा?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत रविवार को शिवबाबा स्थित महामाया कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कहा गया कि सड़क पर चलते समय ट्रैफिक नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें। साथ ही नियमों का समुचित पालन करने का संकल्प दिलाया गया। कहा गया कि जागरूकता के आधार पर ही मार्ग हादसों पर अंकुश पाया जा सकता है।
अधिष्ठाता इंजीनियर रामजीत सिंह ने कहा कि देश में बीते वर्षों में मार्ग हादसों में तेजी से वृद्धि हुई है। आधुनिकता के इस दौर में बढ़ रहे मार्ग हादसों का मुख्य कारण यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन न करना है। एक तरफ जहां यातायात नियमों का पालन न करना हादसों का मुख्य सबब है, तो वहीं सड़कों पर बढ़ता वाहनों का दबाव भी हादसों को दावत देता रहता है। ऐसे में हादसों पर अंकुश पाने के लिए हम सभी को जागरूक होना होगा।
सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रमाद कुमार मिश्र ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि न सिर्फ खुद यातायात नियमों का पालन करें, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। शत-प्रतिशत यातायात नियमों का पालन करने से ही मार्ग हादसों पर अंकुश लग सकेगा। दो पहिया वाहन चलाने के दौरान गुणवक्तायुक्त हेलमेट लगाएं, तो चार पहिया वाहन चलाने के दौरान सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। इस दौरान शशिकांत रावत, पुष्पेंद्र कुमार, सत्यम सिंह, अमन आदि मौजूद रहे।