विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा अधिवक्ता संघ 2025-26 के चुनाव के लिए अधिवक्ता समुदाय में सक्रियता बढ़ गई है। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पर उम्मीदवारों में भारी उत्साह रहा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही चुनावी मुकाबला रोचक मोड़ पर पहुंच गया है।
अध्यक्ष पद के लिए इस बार पांच अधिवक्ता मैदान में हैं। इनमें अजय प्रताप श्रीवास्तव, इंद्रेश कुमार वर्मा, दिलीप कुमार मांझी, रामनरेश कन्नौजिया और शेरबहादुर सिंह शामिल हैं। अनुभवी चेहरों के साथ कुछ नए चेहरे भी चुनावी मैदान में हैं, जिससे मुकाबले की धार बढ़ गई है। उपाध्यक्ष पद के लिए मोहम्मद शाहिद और विद्याराम चौहान के बीच सीधी टक्कर है। जबकि महामंत्री पद पर त्रिकोणीय संघर्ष तय है। पारसनाथ प्रजापति, राजेश कुमार सिंह और रामकुमार ने नामांकन किया है। संयुक्त मंत्री पद पर मोहम्मद अकबर, कोषाध्यक्ष पद पर सुभाष चंद्र दीक्षित और पुस्तकालय मंत्री पद के लिए सुनील कुमार सिंह चुनाव मैदान में हैं। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अशरफ जमाल, परशुराम यादव और वंशराज ने दावेदारी की है।
चार तक वापस होंगे नाम
दाखिल नामांकन पत्रों की जांच दो अगस्त को होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि चार अगस्त निर्धारित की गई है। अधिवक्ता संघ चुनाव समिति ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।