अंबेडकरनगर। शिवसेना के पूर्व विधायक पवन पांडेय से जुड़े तीन चर्चित मामलों में बुधवार को विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) कोर्ट में सुनवाई होगी। गैंगस्टर, बलवा और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में पिछली पेशी के दौरान न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए पांच अगस्त की तारीख तय की थी।
गैंगस्टर एक्ट के वर्ष 2024 के मामले में पूर्व विधायक की ओर से डिस्चार्ज अर्जी दाखिल किए जाने की संभावना है। पिछली सुनवाई में बचाव पक्ष ने इसके लिए समय मांगा था, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया था। वहीं, वर्ष 1999 में अकबरपुर बिजलीघर के सामने हुए बलवा प्रकरण और वर्ष 2023 के एससी-एसटी एक्ट के मामले में बचाव पक्ष की ओर से सफाई साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने हैं। पिछली सुनवाई में एससी-एसटी एक्ट के मामले में अभियोजन पक्ष का गवाह उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय ने उसका अवसर समाप्त करते हुए पूर्व विधायक के बयान दर्ज किए थे।
इससे पहले पूर्व विधायक को केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ से लाकर एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया था। अधिवक्ता की ओर से यह दलील दी गई थी कि फतेहगढ़ जेल से समय पर पेशी नहीं हो पाने के कारण मुकदमों की सुनवाई प्रभावित हो रही है। इस पर न्यायालय ने उन्हें अगली सुनवाई तक जिला कारागार अंबेडकरनगर में ही निरुद्ध रखने का आदेश दिया था। वर्तमान में पवन पांडेय जिला कारागार की हाई सिक्योरिटी बैरक में निरुद्ध हैं और बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें फिर अदालत में पेश किया जाएगा।