जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नगर में फर्जी ढंग से संचालित अस्पताल को सोमवार को छापा मारकर एसडीएम सदर के नेतृत्व में टीम ने सील कर दिया। बाद में जलालपुर सीएचसी प्रभारी ने मामले में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
एसडीएम सदर के नेतृत्व में टीम ने सोमवार को जलालपुर नगर के आदर्श कॉलोनी में एक निजी अस्पताल पर छापा मारा। बताते चलें कि बीते दिनों जलालपुर नगर के कुछ नागरिकों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया कि जलालपुर नगर की आदर्श कॉलोनी में स्थित एक निजी अस्पताल का संचालन फर्जी ढंग से किया जा रहा है। न तो चिकित्सक के पास कोई डिग्री है और न ही अस्पताल के संचालन का लाइसेंस है।
इस पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर के नेतृत्व मेें टीम का गठन कर जरूरी जांच किए जाने का निर्देश दिया। इसी क्रम में सोमवार को दोपहर टीम संबंधित अस्पताल पहुंची। इस दौरान मिले चिकित्सक से जब जरूरी कागजात मांगे गए, तो वह उसे नहीं दिखा सका। इस पर न सिर्फ अस्पताल को सील कर दिया, बल्कि संबंधित चिकित्सक को कोतवाली ले गए। बाद में जलालपुर सीएचसी प्रभारी ने मामले में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।