अंबेडकरनगर। 109 नए लेखपालों को बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नियुक्ति पत्र मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। इससे पहले सभी लेखपालों ने कलेक्ट्रेट सभागार से लखनऊ लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण सुना।इसके बाद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने नियुक्ति पत्र सौंपते हुए पारदर्शी ढंग से काम करने का आह्वान किया।
लेखपाल के रूप में चयनित 109 युवा बुधवार को अपने परिजनों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। सरकारी नौकरी को लेकर उत्साह से भरपूर युवाओं को इंतजार था नियुक्ति पत्र मिलने का। कलेक्ट्रेट सभागार में उनके इंतजार की घड़ियां समाप्त हुईं तो एक-एक कर सभी को डीएम अविनाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, एमएलसी हरिओम पांडेय, जिपं अध्यक्ष साधू वर्मा व एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त ने नियुक्ति पत्र सौंपा। इसमें अकबरपुर के 26, आलापुर के 28, जलालपुर के 23, टांडा के 20 तथा भीटी के 12 लेखपाल शामिल रहे।
इससे पहले सभी लेखपालों को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। सीएम ने सभी को आम लोगों के हक में काम करने का संदेश दिया। यहां डीएम ने सभी लेखपालों से कहा कि वे पारदर्शी ढंग से काम करें। राजस्व परिवार में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में अक्सर थोड़ी थोड़ी भूमि के लिए विवाद हो जाता है, लेखपालों पर यह जिम्मेदारी है कि वे सही से पैमाइश कर सीमांकन करें। पट्टे की भूमि, वरासत आदि के मामलों में ज्यादा सजगता बरतने का निर्देश दिया। इस मौके पर कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।