अंबेडकरनगर। या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम: मंत्रोच्चार के बीच गुरुवार को मां दुर्गा के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री देवी की विशेष पूजा-अर्चना श्रद्धालुओं ने की। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों व घरों में कलश की स्थापना कर श्रद्धालुओं ने पूजन किया। सुबह से ही पूजन-अर्चन का दौर प्रारंभ हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। मंदिरों में मां दुर्गा की भक्ति से सराबोर गीतों के बजने से समूचा माहौल भक्तिमय हो गया। जय माता दी, जय मां दुर्गा व जय मां शैलपुत्री के उद्घोष भी इस दौरान होते रहे। इस बीच गुरुवार को पर्व के पहले दिन जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के कई अन्य क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक पूजा पंडाल में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमा स्थापित कर दर्शन व पूजन-अर्चन के लिए कपाट खोल दिए गए।
शारदीय नवरात्र पर्व का उल्लास पहले ही दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार को दिखा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिरों में सुबह से ही पूजन-अर्चन व दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। नौ दिन का व्रत रखने वाले मां भक्तों ने मंदिरों व घरों में विधिविधानपूर्वक कलश की स्थापना की। साथ ही मां के दरबार में माथा टेककर मन्नत भी मांगी। जिला मुख्यालय अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहे के निकट स्थित गायत्री मंदिर के पुजारी विद्यासागर पांडेय ने कहा कि नवरात्र पर्व के पहले दिन लगभग पूरे दिन पूजन-अर्चन का दौर चला। इस दौरान कोरोना प्रोटोकाल के पालन पर जोर दिया गया।
प्रधान डाकघर के निकट स्थित दुर्गा मंदिर के महंत माधवप्रसाद तिवारी ने कहा कि पूरी श्रद्धा के साथ मंदिर में पूजन-अर्चन का कार्य हुआ। इसके अलावा दोस्तपुर मार्ग स्थित काली मंदिर, पंडाटोला स्थित शिवालय, इल्तिफातगंज रोड स्थित दुर्गा मंदिर के अलावा बसखारी, टांडा, जलालपुर, राजेसुल्तानपुर, जहांगीरगंज, भीटी, कटेहरी के अलावा अन्य क्षेत्रों में पूरे दिन पूजन-अर्चन किया गया। मंदिरों में बज रहे मां दुर्गा की भक्ति से सराबोर गीतों व जय माता दी के उद्घोष से समूचा माहौल इस दौरान भक्तिमय हो गया।
पूजा पंडालों में विराजीं मातारानी, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
नवरात्र के पहले दिन से ही जिला मुख्यालय के अलावा जिले के अन्य क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक पूजा पंडालों में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमा स्थापित कर दर्शन के लिए कपाट गुरुवार को खोल दिए गए। संबंधित पूजा पंडालों पर श्रद्धालुओं ने पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। साथ ही मां दुर्गा के चरणों में पुष्प अर्पित कर मन्नत मांगी। अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित पूजा पंडाल में विधिविधानपूर्वक प्रतिमा की स्थापना कर दर्शन के लिए कपाट खोल दिए गए। जय मां वैष्णो देवी दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष शिवम ने कहा कि पूजन-अर्चन के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। सतरही में पूजा पंडाल में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमा स्थापना के बाद पूजन-अर्चन व दर्शन के लिए कपाट खोल दिए गए। उकरा में भी पूजा पंडाल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पूजन-अर्चन के लिए पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। उधर जिले के अन्य क्षेत्रों में सप्तमी को पूजा पंडालों के कपाट पूजन-अर्चन व दर्शन के लिए खोले जाएंगे। इसके लिए पूजा पण्डालों को तैयार करने का कार्य तेज हो गया है।