अंबेडकरनगर। 19 अक्तूबर को रामनगर क्षेत्र के हुसैनपुर गांव के निकट सड़क हादसे में घायल युवक को एंबुलेंस से लेने पहुंचे चालक पुनीत व ईएमटी नागेंद्र के शराब के नशे में मिलने के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
दोनों कर्मियों के शराब के नशे में धुत होने पर वहां पर मौजूद लोगों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद घायल को दूसरे वाहन से रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। जानकारी मिलने पर सीएमओ ने चालक पुनीत व ईएमटी नागेंद्र का मेडिकल कराया था, जिसमें दोनों के शराब के पीने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सीएमओ ने सेवा दे रही कंपनी जीवीके एमआरआई को पूरे मामले से अवगत कराया। शुक्रवार को दोनों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि ऐसी किसी भी घटना को लेकर लोग उन्हें जानकारी दें। किसी भी दशा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।