अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर–फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों का डी-नोवो पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिला अधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों और मतदाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अर्ह मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 1 नवंबर 2025 के आधार पर निर्वाचन नामावली का पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत इच्छुक मतदाता फॉर्म–19 के माध्यम से अपने आवेदन 6 नवंबर 2025 तक जमा कर सकते हैं। निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 25 नवंबर को होगा, जबकि दावे व आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलेगी।
उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे सभी कार्यालय समयावधि में मतदाता आवेदन स्वीकार करें और यह सुनिश्चित करें कि हर योग्य शिक्षक/मतदाता को मतदाता सूची में शामिल किया जाए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी शिक्षक संघों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अर्ह मतदाताओं को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने में सहयोग प्रदान करें।