अंबेडकरनगर। नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के साउथ वेस्ट फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए अशरफपुर बरवां विद्युत उपकेंद्र से बीते दिन विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई। इस उपकेंद्र से जहां लगभग 25 गांवों की 20 हजार आबादी को विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। वहीं इस उपकेंद्र के शुरू होने से अकबरपुर व गोसाईगंज उपकेंद्र पर लोड कम हुआ है। इससे उपभोक्ताओं को सुचारु विद्युत आपूर्ति अब मिल सकेगी।
पावर कॉर्पोेरेशन ने 5 एमबी क्षमता के लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए अशरफपुर बरवां उपकेंद्र से विद्युत सप्लाई शुरू कर दी है। गुरुवार को अशरफपुर बरवां उपकेंद्र से कामर्शियल विद्युत सप्लाई शुरू की गई। इस उपकेंद्र से अशरफपुर बरवां, टीकमपारा, खजावां, रतनपुर, फत्तेपुर बेलाबाग, शाहपुर परासी, समैसा, पियारेपुर, कसियादासपुर, यरकी, मजगवां, आनंदनगर सहित करीब 25 गांवों की लगभग 20 हजार आबादी को विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इस उपकेंद्र के शुरू होने से न सिर्फ अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के साउथ वेस्ट फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। बल्कि गोसाईगंज विद्युत उपकेंद्र के यरकी फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को भी इसका लाभ मिलेगा।
इन दोनों फीडरों से काटकर ही इस नए उपकेंद्र से जोड़ा गया है। ऐसे में एक तरफ जहां लगभग 20 हजार की आबादी नए उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति का लाभ उठा सकेगी, वहीं साउथ वेस्ट व गोसाईगंज के यरकी फीडर पर लोड कम होने से संबंधित उपभोक्ताओं को अब सुचारु बिजली मिलेगी। अधिशाषी अभियंता विद्युत वीके पटेल ने कहा कि नए उपकेंद्र से उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति दिए जाने का पूरा प्रयास है।