अकबरपुर के बनगांव मार्ग पर जर्जर तार बदलते बिजलीकर्मी। स्रोत नागरिक
अंबेडकरनगर। जिले में बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को जर्जर तारों को बदलने के कारण कई इलाकों में तीन घंटे बिजली गुल रही। वहीं, टांडा के एक गांव में तीन दिन से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका है।
बैरमपुर बरवा बिजली घर के बनगांव मार्ग पर जर्जर बिजली के तारों को बुधवार को बदला गया। इस कार्य के कारण दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। नाका चुंगी, मिर्जापुर, तमसा मार्ग, अकबरपुर-अयोध्या मार्ग और फायर स्टेशन कॉलोनी प्रभावित हुए। उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में तीन घंटे की कटौती झेलनी पड़ी। तार बदलने के बाद शाम को आपूर्ति बहाल कर दी गई। उपभोक्ता दिनेश कुमार ने बताया कि तारों के बदलने से अब कुछ राहत मिलेगी। मंगलवार रात आठ बजे साउथ वेस्ट बिजली घर के पास बनगांव मार्ग पर बिजली के तार पर कोठ गिर गया था। इससे दो घंटे आपूर्ति बाधित रही, जिसे रात करीब 10 बजे बहाल किया गया।
टांडा के छोटी पैकोलिया गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर तीन दिन से खराब है। इसके चलते गांव की करीब 500 की आबादी पिछले दो दिनों से बिजली की समस्या से जूझ रही है। ग्राम प्रधान राजा सुल्ताना पटेल ने बताया कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण पहले भी फुंक चुका था। दोबारा खराब होने से ग्रामीण गर्मी में परेशान हैं और उनमें नाराजगी है।
अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि तार बदलने के चलते बिजली आपूर्ति बाधित की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तार बदलने के बाद आपूर्ति बहाल करा दी गई है। साथ ही, खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने के निर्देश भी दिए गए हैं।