कटेहरी के तिवारीपुर में मिला ड्रोन।
कटेहरी (अंबेडकरनगर)। अहिरौली के तिवारीपुर गांव में मंगलवार को ड्रोन मिलने पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ड्रोन जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।
गांव निवासी जमुना प्रसाद के मुताबिक वह सुबह 10:30 बजे ट्रैक्टर लेकर गांव के बाहर खेत की जोताई करने गए थे। इसी दौरान उनको खेत में ड्रोन दिखाई पड़ा। ड्रोन देखकर वह शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागे। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने खेत का चारों ओर घेराव कर ड्रोन पर पथराव शुरू कर दिया। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्रोन कब्जे में लिया।
प्रभारी निरीक्षक अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि खेत में मिला उपकरण ड्रोन जैसा है। विशेषज्ञों के पास जांच के लिए भेजा गया है। एसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि ड्रोन के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। एसपी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।