अंबेडकरनगर। राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जुड़वा भाइयों ने मेडल जीत कर जिले का नाम रोशन किया है।
जुड़वा भाई प्रशांत मिश्र व देवांश मिश्र सहिजना हमजापुर गांव निवासी रमाकांत मिश्र के पुत्र व राघेव राघव इंटर कॉलेज हंसवर के छात्र हैं। दोनों ने बीते दिनों लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इसमें 52-54 किलो भार में प्रशांत को गोल्ड व देवांश को 50-52 किलो भार वर्ग में सिल्वर मिला है। अपनी मां कोच नेहा मिश्रा के मार्गदर्शन में दोनों भाइयों ने 24 से 28 सितंबर के केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में मेडल जीत कर जिले व अयोध्या मंडल का नाम रोशन किया है। उनका कहना है कि नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल करना लक्ष्य है।
इससे पहले भी दोनों बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीत दर्ज कर चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर डीआईओएस प्रवीण तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी शीला भट्टाचार्य, क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित मिश्रा, प्रबंधक मनोज मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, वीरेश कुमार, ओमवीर वर्मा, प्रबुद्ध सिंह समेत अन्य खेल शिक्षकों ने बधाई दी है।