अंबेडकरनगर। ईद पर साधन संपन्न लोगों को दान के लिए खुले मन से आगे आना चाहिए। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक समय रहते फितरे की रकम को जरूर पहुंचा दें जिससे वे भी उल्लासपूर्वक ईद की खुशी मना सकें। यह अपील मंगलवार को उलमा ने लोगों से की।
बृहस्पतिवार को मनाए जाने वाले ईद पर्व को लेकर एक तरफ जहां लोगों ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं तो वहीं धर्मगुरुओं ने इस मौके पर लोगों से दान करने की अपील की। वरिष्ठ शिया धर्मगुरू मौलाना सै. मोहम्मद अब्बास ने कहा कि ईद के मौके पर सभी के लिए फितरा निकालना जरूरी है। तीन किग्रा गेहूं या फिर उसका दाम प्रति सदस्य फितरे के रूप में जरूर निकालें। यह रकम ईद की नमाज अदा करने से पहले जरूरतमंदों तक पहुंचाना जरूरी है।
मौलाना ने कहा कि जो लोग बीमारी के चलते या फिर अधिक उम्र होने के चलते रोजा नहीं रख सके हैं वे साढ़े सात सौ ग्राम गेहूं की रकम प्रतिदिन के अनुसार निकालें। शहर इमाम हाफिज शकील अख्तर व वरिष्ठ सुन्नी धर्मगुरू हाफिज मोहम्मद निसार अहमद अंसारी ने कहा कि मुकद्दस रमजान में रोजा रखने वालों को चाहिए कि अधिक से अधिक दान करें। ऐसे परिवारों को चिह्नित करें जो आर्थिक रूप से कमजोर हों। चांद रात में ही ऐसे परिवारों तक जरूरी रकम पहुंचा दें जिससे कि वे भी ईद को खुशियां मना सकें ।
लोगों ने जमकर की खरीदारी
इस बीच ईद पर्व का उल्लास मंगलवार को जिले में चरम पर दिखा। लोगों ने संबंधित बाजारों में पहुंचकर पर्व से संबंधित सामग्रियों की बढ़ चढ़कर खरीदारी की। अकबरपुर नगर के शहजादपुर में पूरे दिन खरीदारों की भीड़ रही। शृंगार की दुकानों पर जहां महिलाओं की भीड़ रही तो वहीं रेडीमेड कपड़ों, जूता चप्पल, सराफा दुकान पर भी लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की। पर्व के मुख्य पकवान सेंवई की भी खूब बिक्री हुई। इसी प्रकार जलालपुर, टांडा, जहांगीरगंज, बसखारी, रामनगर समेत जिले के अन्य बाजार भी मंगलवार को पूरे दिन गुलजार रहे।