बुधवार को अमर उजाला ने मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू से अंबेडकरनगर की एक युवती की मौत व उसके भाई की हालत गंभीर होने की खबर प्रमुख से प्रकाशित की थी। इस खबर से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
आननफानन में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गईं। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक तैयारी शुरू कर दी गई। साथ ही चिकित्सकों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिला अस्पताल को 500 टैमीफ्लू की टेबलेट व 50 प्रोटेक्शन किट भी उपलब्ध कराया गया।
सीएमओ मेजर डा. बीपी सिंह ने बताया कि अभी तक कोई भी स्वाइन फ्लू से पीड़ित सामने नहीं आया है, लेकिन इससे निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
बताया कि यदि किसी में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाते हैं, तो उसका तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के लिए जिला अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
बताया कि लक्षण पाए जाने वाले मरीज की स्लाइड तैयार कराकर उसे जांच के लिए लखनऊ भेजा जाएगा। जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आती है, तब तक संदिग्ध मरीज का इलाज चलता रहेगा।