अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न क्वारंटीन केंद्रों पर रखे गए लोगों की तबियत खराब होने पर शनिवार को ऐसे 19 लोगों को स्क्रीनिंग के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। स्क्रीनिंग के बाद तीन को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। साथ ही जांच के लिए ब्लड का नमूना भेजा गया। शेष 16 को स्क्रीनिंग के बाद संबंधित क्वारंटीन केंद्र भेज दिया गया।
गौरतलब है कि विभिन्न प्रांतों व शहरों से आए नागरिकों को क्वारंटीन के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित क्वारंटीन केंद्रों पर रखा गया है। शनिवार को विभिन्न क्वारंटीन केंद्रों से 19 ऐसे नागरिकों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जिनकी तबियत खराब हो गई थी। उनके शरीर का तापमान सामान्य तापमान से अधिक था और जुकाम भी था। यहां सभी की स्क्रीनिंग हुई।
तीन लोगों की तबियत अधिक खराब होने पर उन्हें क्वारंटीन के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। सीएमएस डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि तीन को भर्ती के बाद उनके ब्लड का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। शेष 16 नागरिकों की स्क्रीनिंग के बाद उन्हें वापस संबंधित क्वारंटीन केंद्र भेज दिया गया।