राजेसुल्तानपुर। रंजिश को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के ऊपर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें 3 ग्रामीणों को गंभीर चोटें आ गई। घायलों को सीएचसी जहांगीरगंज पर इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस घायल पक्ष की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर तलाश में जुटी हुई है।
थाने में दी तहरीर में साबितपुर गांव निवासी रमाशंकर मिश्र ने बताया कि गांव के कुछ ग्रामीणों से उसका भूमि विवाद है। इसके चलते विपक्षी अक्सर उससे विवाद करते रहते हैं। आरोपियों ने शनिवार की रात अचानक उसके घर पर हमला बोल दिया। इसके बाद तीन लोगों की पिटाई कर दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना राजेसुल्तानपुर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जहांगीरगंज पहुंचाया। इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ रामलखन पटेल ने बताया कि घायल रमाशंकर की तहरीर के आधार पर मामले में केस दर्ज किया गया है।