आलापुर (अंबेडकरनगर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रति वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन मौजूदा समय में स्थिति यह है कि युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। भाजपा सरकार की कथनी व करनी में अंतर है। यह विचार वरिष्ठ सपा नेता पूर्व सांसद त्रिभुवनदत्त ने आलापुर विधानसभा क्षेत्र के झखरवारा में आयोजित चौपाल में प्रकट किए।
पूर्व सांसद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी सरकार में शिक्षामित्रों को स्थायी रोजगार दिया था। लेकिन भाजपा सरकार ने शिक्षामित्रों को रिवर्स कर दोबारा शिक्षामित्र बनाने का काम किया। इस निर्णय से तमाम शिक्षामित्रों को धक्का लगा। कहा कि देश में बेटियों को कभी लक्ष्मी तो कभी दुर्गा के रूप में पूजा जाता है। लेकिन देश में बच्चियों को जलाया जा रहा है। कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर भाजपा सरकार की नकारात्मक नीतियों से लोगों को अवगत कराएं। पूर्व सांसद ने कहा कि सपा सरकार के आने से ही प्रदेश में खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होगा। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य अजित कुमार यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से देश में महंगाई बढ़ रही है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख विकास यादव, सपा नेता रामप्यारे निषाद, प्रेम सागर, रमेश गौड़, श्यामलाल गौड़, रामचंद्र वर्मा, अजय गौतम एडवोकेट आदि मौजूद रहे।