फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रद्धालुओं ने की नाग देवता की पूजा-अर्चना

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। नाग पंचमी का पर्व शुक्रवार को जिले में उल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया गया। धार्मिक स्थानों पर जहां श्रद्धालुओं ने नाग देवता का पूजन-अर्चन किया, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में गुड़िया पीटने की रस्म भी बच्चों ने विभिन्न तालाबों व पोखरों में पहुंचकर निभाई। कई गांवों में दंगल का आयोजन हुआ। नाग पंचमी के मौके पर कई गांवों में महिलाओं ने झूले का आनंद उठाया और प्रसिद्ध कजरी लोक गीत गाए। वहीं घरों में तैयार किए गए विशेष पकवानों का भी लोगों ने लुत्फ उठाया।
विज्ञापन

नाग पंचमी पर्व के मौके पर शुक्रवार को जिले में जगह-जगह विभिन्न अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। पर्व को लेकर जहां घरों में पहले से ही तैयारियां चल रही थीं, वहीं सुबह होते ही महिला श्रद्धालु नाग देवता की पूजा-अर्चना में जुट गईं। विभिन्न धार्मिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं ने विधिविधान से नाग देवता की पूजा की। मान्यता है कि नाग पंचमी के दिन नाग देवता की दूध व लावा के साथ पूजा करने से घर-परिवार में सुख, शांति व समृद्धि आती है।
इस परंपरा का निर्वहन गांवों से लेकर शहरों तक में देखने को मिला। पूजन-अर्चन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ भी दिखायी पड़ी। इतना ही नही गांवों में सदियों से चली आ रही गुड़िया पीटने की परंपरा का बच्चों व युवाओं ने निर्वहन किया। बहनों ने विभिन्न तालाबों व पोखरों पर गुड़िया फेंकने की रस्म निभाई तो बच्चों ने विशेष तरीके से सजाए गए बेर के डंडे से उसके पीटने की रस्म अदा की। ग्रामीण क्षेत्रों में इसे लेकर बच्चों में उल्लास भी दिखा।
विज्ञापन

सावन में झूले का भी काफी रिवाज रहा है। खास कर नाग पंचमी के मौके पर महिलाएं झूले का आनंद उठाती हैं और कजरी गीतों का गायन करती हैं। नाग पंचमी के मौके पर कई गांवों में इस परंपरा को काफी शिद्दत से निभाया भी गया। अरिया बाजार में महिलाओं ने पेड़ पर पड़े झूले का खूब लुत्फ उठाया। टांडा रोड कलेक्ट्रेट के निकट बच्चों ने गुड़िया पीटने की रस्म निभाई। इसी तरह जिले के अन्नावां, कटेहरी, आलापुर, भीटी, महरुआ, टांडा, बसखारी आदि क्षेत्रों में नाग पंचमी के मौके पर नाग देवता की पूजा-अर्चना के साथ ही गुड़िया पीटने की परंपरा निभाई गई। कई गांवों में दंगल के अलावा कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। वहीं कई जगह आल्हा व बिरहा लोक गीतों का भी आयोजन हुआ। इसमें बुजुर्गों ने हिस्सा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें