अंबेडकरनगर के आलापुर में हनुमान जयंती के मौके पर पूजन अर्चन करते श्रद्धालु।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर जिले में शनिवार को हनुमान जयंती का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न मंदिरों में जहां सुबह से ही पहुंच कर श्रद्धालुओं ने वीर हनुमान की आराधना की, वहीं कई जगह प्रसाद वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा व सुंदर कांड का पाठ भी किया। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में देर शाम तक बजरंगबली का जयकारे गूंजते रहे।
जिले में हनुमान जयंती पर्व शनिवार को उल्लास से मनाया गया। चैत्र की पूर्णिमा तिथि को हनुमान जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस दिन स्त्री, पुरुष, बाल, वृद्ध पवित्र नदियों में स्नान कर अपने को पवित्र बनाते हैं। शनिवार को श्रद्धालुओं ने हनुमानजी को प्रसन्न करने के लिए हनुमान चालीसा, हनुमान बाहुक, हनुमान अष्टक, सुंदर कांड आदि का पाठ किया और मनोवांछित फल की कामना की।
जिला मुख्यालय के अकबरपुर पुराने तहसील तिराहे के निकट स्थित हनुमान मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर माथा टेका और हनुमान जी की आराधना की। इसी तरह जिले के अन्य क्षेत्रों में स्थित हनुमान मंदिरों में सुबह से ही पूजन-अर्चन का दौर दिखा। दोपहर बाद कई जगह हनुमान जी के भक्तों द्वारा प्रसाद वितरण व भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इल्तिफ़ातगंज रोड स्थित हनुमान मंदिर पर सुंदर कांड पाठ का आयोजन हुआ। पुजारी वशिष्ठ दास ने बताया कि सुंदर कांड पाठ के आयोजन में आम श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पाठ समापन के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
आलापुर के रामनगर स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर पर हनुमान जयंती के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पुजारी जगदीश तिवारी के नेतृत्व में प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मंदिर में माथा टेका और अपने घर परिवार की बेहतरी की कामना की। इसी तरह टांडा नगर में स्थित विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माथा टेका। कटेहरी, भीटी व जलालपुर आदि क्षेत्रों में भी हनुमान जयंती का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने अपने घरों में जहां पूजन-अर्चन किया, वहीं सत्यनारायण भगवान की कथा भी काफी श्रद्धालुओं ने सुनी।