अंबेडकरनगर। जन अधिकार पार्टी के तत्वावधान में सोमवार को संकल्प मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों व अनुसूचित जाति के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति नहीं मिल पा रही है। आर्थिक रूप से कमजोरों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
जन अधिकार पार्टी के जिला सलाहकार हरिगोपाल मौर्य ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन सरकारों के कार्यकाल में अल्पसंख्यकों व अनुसूचित जाति के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा है। योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल रहा है। दोनों सरकारें खुद ही अपनी पीठ थपथपा रही हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। युवा व किसान परेशान हैं। उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
अपना दल के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पटेल ने कहा कि कृषि कानून को लेकर किसान शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार अपनी नाकामी छिपाते हुए विभिन्न प्रकार से किसान आंदोलन को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि छात्रों को छात्रवृत्ति अब तक नहीं मिल सकी है। इसके लिए कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया गया। इस मौके पर अजीत मौर्य, विनय मौर्य, रवि, सद्दाम हुसैन, गुलाम मोहम्मद, अमित कुमार, लालमन, संदीप, अवधेश आदि मौजूद रहे।