अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने दो सगे भाइयों समेत तीन अपराधियों को 6-6 माह के लिए जिला बदर कर दिया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि इस अवधि में वे जिले में दिखते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन अपराधियों पर शिकंजा कस रहा है। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार मिश्र ने पुलिस की रिपोर्ट के बाद सुनवाई करते हुए तीन शातिर बदमाशों को 6-6 माह के लिए जिला बदर कर दिया। एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने बताया कि जलालपुर थाना अंतर्गत नगपुर निवासी मोहम्मद मोनिस को 27 जनवरी को 6 माह के लिए जिला बदर किया गया है, जबकि जहांगीरगंज थाना अंतर्गत ऊंचेपुर गांव निवासी सगे भाइयों भीम चौहान व भागवत चौहान को 30 जनवरी को 6-6 माह के लिए जिला बदर किया गया है। कहा कि जिला बदर किए जाने को लेकर संबंधित बदमाशों के क्षेत्र में डुग्गी पिटवाई गई। बताया कि यदि इस अवधि में कोई भी जिले में दिखा तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।