विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा तहसील के मखदूमनगर बाजार के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें मखदूमनगर रेलवे क्राॅसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज से प्रभावित ग्रामीणों को सर्किल रेट 15 हजार वर्ग मीटर की दर से मुआवजा देने की मांग की है ।
शुक्रवार को एसडीएम डाॅ. शशि शेखर को ज्ञापन देकर ग्रामीणों ने बताया कि सेतु निगम के कर्मचारी लेखपाल व अन्य कर्मचारियों के साथ प्रभावित जनों के परिवार के किसी भी सदस्य से बिना बताए खुद के बनाए हुए किसी पत्र पर गुमराह करके हस्ताक्षर करा लिए हैं। वहीं, रजिस्ट्री कार्यालय टांडा से पत्रावली निकालने पर मिली जानकारी के अनुसार आसोपुर पश्चिमी सीमा से शहरयार बेग इंटर काॅलेज तक मुख्य मार्ग से संलग्न सभी अकृषक भूमि का सर्किल रेट 15,000 प्रति वर्ग मीटर है। ऐसे में ग्रामीणों के साथ धोखा किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने सर्किल रेट 15 हजार प्रति वर्ग मीटर की दर से चार गुना मुआवजा दिलाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रेमशंकर, वंशराज, जयशंकर, संदीप कुमार, हीरालाल गुप्ता बीपत, जयप्रकाश, धर्मेंद्र पाल, हौसला व उर्मिला देवी आदि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद को भी ज्ञापन देकर 15 हजार वर्गमीटर की दर से मुआवजा दिलाने की मांग की है। (संवाद)