बुखार के चलते टांडा क्षेत्र के दो युवाओं की शनिवार देर रात मौत हो गई। रविवार को भी तेज बुखार से पीड़ित मरीजों का जिला अस्पताल में भर्ती होने का सिलसिला जारी रहा। कुल पांच नए मरीज भर्ती हुए। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। जिले में तेज बुखार का प्रकोप दिन-प्रतिदिन तेजी से फैलता ही जा रहा है।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार सकरावल निवासी भाजपा नेता रामजीत विश्वकर्मा के 22 वर्षीय पुत्र शुभम की शनिवार देर शाम बुखार के चलते एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कई दिनों से पीड़ित था। वहीं, कश्मीरिया निवासी अताउल्ला (32) की मौत भी बीता रात हो गई। उसका इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में चल रहा था।
उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर डइयाडीह गांव निवासिनी कंतोरा देवी (60) पत्नी रामपियारे शुक्रवार को तेज बुखार की चपेट में आ गई। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद परिवारीजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हजियापुर गांव निवासी अंकुश (14) पुत्र रामजीत को रविवार भोर में परिवारीजनों ने तेज बुखार चढ़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत टांडा निवासिनी शबनम (23) पुत्री नसीरुद्दीन को शनिवार देर शाम तेज बुखार चढ़ गया।
उसे सीएचसी टांडा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, बेवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत अटंगी गांव निवासी सूरज (17) पुत्र ब्रम्हदेव को रविवार सुबह तेज बुखार चढ़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके अलावा टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कम्हरिया गांव निवासिनी मनीषा (19) पुत्री राजेंद्र को शनिवार दोपहर तेज बुखार चढ़ने के बाद पहले सीएचसी टांडा फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।