मां से क्षुब्ध एक किशोर ने खुद की हत्या व अपहरण का ऐसा ड्रामा रचा कि उसे सुनकर रविवार को परिवारीजन व पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। एक दिन पहले गेहूं पिसाने निकले किशोर की खून लगी टी-शर्ट तथा टूटी चप्पल व साइकिल आदि मिलने से सनसनी फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की फोर्स को मौके पर पहुंचना पड़ा था। दो लोगों को हिरासत में भी लिया गया था।
इस बीच किशोर 24 घंटे बाद रविवार को खुद ही वापस घर लौट आया। पुलिस ने किशोर के विरुद्ध गुमराह करने की धाराओं में केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। उसका मेडिकल कराकर चालान किया जा रहा है। जलालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी रामचेत के 15 वर्षीय पुत्र आकाश का खून लगा टी-शर्ट शनिवार सुबह गांव से कुछ दूर पर खेत के किनारे पड़ा पाया गया था।
टी-शर्ट पीछे से फटी होने के कारण किसी धारदार हथियार से हमले की आशंका जताई जा रही थी। किशोर की साइकिल भी गेहूं सहित मौके पर पड़ी पाई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ जलालपुर के अलावा कई थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी गई थी। इस बीच 24 घंटे बाद किशोर खुद ही वापस घर लौट आया।
उसने लोगों को बताया कि मां के रवैये से क्षुब्ध होकर ही यह सब ड्रामा रचा था। सूचना मिलने पर जलालपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह गेहूं लेकर साइकिल से गांव के बाहर पहुंचा। यहां उसने साइकिल गिरा दिया। चप्पल तोड़कर अपनी टीशर्ट निकाला। ब्लेड से हथेली काटकर खून निकाला और उसे टीशर्ट पर लगा दिया।
उसे वहां फेंककर पैदल ही खेत खेत होते हुए कुर्कीबाजार, फिर वहां से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। यहां रात गुजारने के बाद रविवार सुबह एक वाहन से बसखारी तक गया। इसके बाद तय किया कि वापस गांव लौट चला जाए। उसने पुलिस को बताया कि वह मां के रवैये से नाराज था।
पुलिस ने पूछताछ के बाद किशोर को हिरासत में ले लिया। उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। एसओ पवन सोनकर ने बताया कि किशोर के विरुद्ध पुलिस को गुमराह करने आदि की धाराओं में केस दर्ज कर चालान किया जाएगा।