टांडा थाना क्षेत्र में मेहनिया गांव के पास बोलेरो वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टांडा थाना अंतर्गत मेहनिया गांव निवासी संतोष कुमार (30) पुत्र बद्रीप्रसाद सोमवार देर सायं टांडा से घर लौट रहा था। जब वह गांव के निकट पहुंचा, तो उधर से गुजर रहे बोलेरो वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि ग्रामीणों को आता देख चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर अलीगंज बाजार निवासी मोहम्मद जावेद की पत्नी आलिया खातून (60) मंगलवार सुबह सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गईं। परिवारीजनों ने उन्हें पहले सीएचसी टांडा में भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां आलिया की हालत गंभीर बनी हुई है। जलालपुर थाना अंतर्गत जलालपुर बाजार निवासी मोहम्मद अशरफ (23) व अशफाक अहमद (25) मंगलवार प्रात: बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के पास एक अन्य बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।