विधान परिषद चुनाव में मंगलवार को भाजपा के विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र पांडेय के तीन प्रस्तावकों के अपहरण ने सनसनी फैला दी। सुरेंद्र के भाई भाजपा सांसद हरिओम पांडेय ने पार्टी नेताओं के साथ डीएम से मिलकर लिखित शिकायत की।
उन्होंने कहा कि नामांकन खारिज कराने के लिए ही सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने उनके प्रस्तावकों का अपहरण करा लिया है। यह भी बताया गया कि तीनों का अपहरण पुलिस की वर्दी में कराया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि अविलंब प्रस्तावकों को मुक्त न कराया गया तो इसे लेकर आंदोलन किया जाएगा।
डीएम ने इस पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। देर सायं भाजपा सांसद ने बताया कि उन्हें सीओ भीटी ने फोन कर आश्वस्त किया है कि एक प्रस्तावक को उसके घर पहुंचाया जा रहा है, जबकि दो अन्य प्रस्तावक भी घर पहुंच जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी ने विधान परिषद चुनाव में सुरेंद्र पांडेय को फैजाबाद-अंबेडकरनगर सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।
वे अंबेडकरनगर के भाजपा सांसद हरिओम पांडेय के भाई हैं। उन्होंने नामांकन भरने के अंतिम दिन गत दिवस अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सपा की तरफ से जिलाध्यक्ष हीरालाल यादव पहले से ही मैदान में हैं, जबकि बसपा की तरफ से साधू वर्मा ने भी अंतिम दिन ही नामांकन किया।
इस बीच मंगलवार सुबह यह खबर सामने आयी कि भाजपा प्रत्याशी के तीनों प्रस्तावक विनोद कुमार, अलमगीर व हरिबख्श सिंह का अपहरण कर लिया गया है। इन तीनों को उनके घर से बुलाकर जबरन उठा ले जाया गया। यह मामला सामने आते ही भाजपा सांसद व पार्टी के अन्य नेता सक्रिय हो उठे।
सांसद ने जिलाध्यक्ष शिवनायक वर्मा, वरिष्ठ नेता रमाशंकर सिंह, राम प्रकाश यादव, पूर्व विधायक त्रिवेणीराम व शिवपूजन वर्मा आदि के साथ डीएम विवेक से मुलाकात की और उनसे प्रस्तावकों के अपहरण की शिकायत की।